हरिद्वार , अगस्त, 03 -- त्तराखंड में हरिद्वार जनपदवासियों की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 16 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 9 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया।
जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल, राशन कार्ड और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े मामलों पर फरियादियों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।
औरंगाबाद आन्नेकी क्षेत्र के ग्रामीणों ने राष्ट्रीय इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर हो रहे अतिक्रमण को हटाने की मांग करते हुए पैमाइश कराने का अनुरोध किया। भगवानपुर निवासी साधुराम चौहान ने तीन माह से पेंशन नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई, जबकि नज़बून ने विरासत दर्ज न होने की समस्या उठाई। भगवानपुर के मक्खनपुर निवासी नजराना ने विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने की मांग की। ग्राम पंचायत मजीहिदपुर सतीवाला के किसानों ने अवैध खनन से क्षतिग्रस्त हुई चकरोड की समस्या उठाते हुए कार्रवाई की मांग की। वहीं पूनम एवं पिंकी देवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता और समयबद्धता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, उनमें संबंधित विभाग आपसी समन्वय से मौके पर जाकर जांच करें और शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें।
बैठक के दूसरे चरण में जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज लंबित शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हेल्पलाइन पर दर्ज सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। समीक्षा में पाया गया कि एल-1 स्तर पर 348 तथा एल-2 स्तर पर 110 शिकायतें लंबित हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित