बस्ती , सितम्बर 23 -- उत्तर प्रदेश में बस्ती मण्डल के मण्डलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने बुधवार को मण्डल के तीनों जिलो बस्ती, सिद्धार्थनगर तथा संतकबीर नगर के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि जनसुनवाई के समय वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग (वीसी) से न जुड़ने वाले अधिकारियों पर सीधी कार्रवाई होगी।

बुधवार को मण्डलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने पहली बार मण्डल के तीनों जिलो बस्ती, सिद्धार्थनगर तथा संतकबीर नगर के मुख्य विकास अधिकारियों, उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों तथा खण्ड विकास अधिकारियों को एक साथ आनलाइन जोड़कर वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनसुनवाई करते हुए निर्देश दिया है कि शासन के निर्देशानुसार जनसुनवाई के समय कार्यालय में बैठकर आमजनमानस की जनसमस्या को सुने और आनलाइन जुड़े रहे जिससे शिकायतकर्ता की बात सीधे सम्बन्धित अधिकारी से जानकारी प्राप्त करके मामले का निस्तारण त्वरित किया जा सके।

वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनसुनवाई में न जुड़ने वाले तथा कार्यालय में समय से न बैठने वाले अधिकारियों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी। वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग प्रणाली का मकसद फाइलों के चक्कर को खत्म करके सीधे और त्वरित फैसला लेना है तथा तकनीक का बेहतर उपयोग करते हुए जनता की सेवा को सर्वोपरि रखना है। जब शिकायतकर्ता के सामने सम्बन्धित अधिकारी से वार्ता हो जायेगी तो शिकायतकर्ता भी संतुष्ट होकर जायेगा।

उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि जितने भी शिकायतें आती है उसकी सूची बना कर समयबद्ध ढंग से निस्तारण कराया जाये। प्रत्येक शिकायतकर्ता के प्रार्थना पत्र पर मोबाइल नम्बर अवश्य दर्ज कराये राजस्व विभाग के मामलों में पुलिस टीम गठित करते हुए मामले का निस्तारण कराया जाय और उसका फीडवैक लिया जाये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित