कानपुर , जून 12 -- विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) अरुण पाठक एवं भाजपा कानपुर दक्षिण के जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने शुक्रवार को कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) के उपाध्यक्ष से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं तथा लंबे समय से लंबित नामांतरण प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण की मांग की।
बैठक के दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि केडीए से संबंधित कई नामांतरण एवं रजिस्ट्री प्रकरण लंबे समय से लंबित पड़े हुए हैं, जिसके कारण आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों से इन मामलों के निस्तारण में तेजी लाने का आग्रह किया।
एमएलसी अरुण पाठक ने जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि प्रशासन को लंबित मामलों के त्वरित समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
बैठक में कानपुर विकास प्राधिकरण के अधीन आने वाले पार्कों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। भाजपा नेताओं ने कहा कि कई पार्क वर्षों से अविकसित अवस्था में हैं, जिसके चलते स्थानीय नागरिकों और बच्चों को पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। उन्होंने पार्कों के सौंदर्यीकरण, नियमित रखरखाव और विकास कार्यों को शीघ्र शुरू कराने की मांग की।
भाजपा कानपुर दक्षिण के जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार जनहित के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। ऐसे में अधिकारियों का दायित्व है कि वे जनता से जुड़े मामलों का निर्धारित समय सीमा में समाधान सुनिश्चित करें।
इस पर केडीए उपाध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि सभी लंबित नामांतरण प्रकरणों एवं जनहित से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लंबित कार्यों को पूरा करने के लिए एक माह का समय मांगा और विश्वास दिलाया कि निर्धारित अवधि के भीतर प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का निस्तारण कराया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित