बैतूल , जुलाई 10 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के भैंसदेही में नगर परिषद की कार्यप्रणाली के विरोध में कांग्रेस ने शुक्रवार को अनोखा प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नगर परिषद कार्यालय के सामने धरना देकर एक कार्यकर्ता को कुंभकरण का वेश पहनाकर प्रतीकात्मक रूप से सुलाया और नगर परिषद पर जनसमस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेयजल, सड़क, सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर नारेबाजी की।

आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामू टेकाम ने आरोप लगाया कि नगर परिषद आम नागरिकों की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि नगर में पेयजल संकट बना हुआ है, पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों की मरम्मत नहीं की गई है, जिससे बारिश के दौरान कीचड़ और जलभराव की स्थिति बन गई है तथा लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। उन्होंने नगर परिषद में भ्रष्टाचार, भेदभावपूर्ण अतिक्रमण कार्रवाई, बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों और खराब सफाई व्यवस्था के आरोप भी लगाए तथा सभी के विरुद्ध समान रूप से कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर के नाम मुख्य नगर परिषद अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मुख्यमंत्री भू-अधिकार योजना के हितग्राहियों को पट्टे देने, प्रधानमंत्री आवास योजना के लंबित प्रकरणों का निराकरण, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, शनिवार बाजार में पार्किंग व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था में सुधार, बंद सीसीटीवी कैमरे चालू कराने, कथित अनियमित नियुक्तियों एवं भ्रष्टाचार की जांच तथा प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 की लंबित दूसरी किस्त जारी करने सहित विभिन्न मांगें की गईं। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। नगर परिषद की ओर से इस संबंध में तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिली है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित