समस्तीपुर , मई 30 -- बिहार के परिवहन मंत्री एवं समस्तीपुर जिला प्रभारी मंत्री दामोदर रावत ने शनिवार को कहा कि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से प्राप्त जनसमस्याओं का समाधान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। समस्तीपुर समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित जिला कार्यक्रम एवं कार्यान्वयन समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए श्री रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं, मांगों और सुझावों पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि बैठक का उद्देश्य जनता की समस्याओं और विकास संबंधी आवश्यकताओं को सुनना तथा उनके समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाना है।
प्रभारी मंत्री ने सांसदों, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं, सुझावों और विकासात्मक जरूरतों को समिति के समक्ष रखने का आग्रह किया, जिससे प्रशासन आवश्यक कार्रवाई कर सके और विकास कार्यों को गति मिल सके।
बैठक में समस्तीपुर की सांसद शाम्भवी चौधरी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधान पार्षद तरुण कुमार, नगर निगम की मेयर अनीता राम, जनता दल यूनाइटेड (जदयू) विधायक महेश्वर हजारी, अश्वमेघ देवी, राजकुमार राय, रोसड़ा के भाजपा विधायक वीरेंद्र कुमार तथा मोहिउद्दीननगर के भाजपा विधायक राजेश कुमार सिंह,समस्तीपुर के जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित