कटिहार, सितंबर 14 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सोमवार को कहा कि जनसंघ काल एवं पूर्व वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के त्याग और परिश्रम से भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी है।श्री सरावगी आज अपने कटिहार प्रवास के दौरान कोढ़ा विधानसभा क्षेत्र पहुंचे, जहां विधायक कविता पासवान के नेतृत्व में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
श्री सरावगी विधायक कविता पासवान के आवास पहुंचे, जहां जनसंघ के समय से पार्टी के लिए समर्पित होकर काम करने वाले वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के सम्मान में आयोजित समारोह में शामिल हुए। उन्होंने पुराने कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर नाश्ता किया और उनके संघर्ष, अनुभव तथा संगठन की पुरानी यात्रा से जुड़े संस्मरणों को आत्मीयता से सुना। उन्होंने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को पार्टी की अमूल्य धरोहर बताते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संजय सरावगी ने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, तो इसके पीछे जनसंघ के समय से लेकर आज तक लाखों-करोड़ों कार्यकर्ताओं की तपस्या, त्याग, संघर्ष और परिश्रम है। उन्होंने कहा कि जब जनसंघ की स्थापना हुई थी, उस समय संसाधन सीमित थे और राजनीतिक परिस्थितियां भी चुनौतीपूर्ण थीं, लेकिन कार्यकर्ताओं ने विचारधारा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता नहीं छोड़ी।
श्री सरावगी ने कहा कि जनसंघ के समय पार्टी के पुराने नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक सपना देखा था कि एक दिन ऐसा आएगा, जब पार्टी की केंद्र के साथ-साथ देश के अधिकांश राज्यों में सरकार होगी। आज वह सपना साकार हुआ है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में भाजपा की सरकार है और देश के कई राज्यों में भी भाजपा सरकारें जनता की सेवा कर रही हैं। यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि दशकों तक पार्टी के लिए संघर्ष करने वाले पुराने नेताओं और कार्यकर्ताओं के त्याग एवं परिश्रम का परिणाम है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित