पटना , सितंबर 28 -- बिहार के विभिन्न जनसंगठनों की ओर से सोमवार को निकाले गये लोकभवन मार्च के दौरान डाकबंगला चौराहे पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प हुई और उन्हें आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन से पानी की बौछार की और लाठीचार्ज किया।
इस दौरान राष्ट्रीय किसान नेता एवं भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राष्ट्रीय सचिव गिरीश चन्द्र शर्मा, पूर्व विधान पार्षद संजय कुमार समेत कई नेता घायल हो गये, जबकि उनके साथ सैकड़ों छात्र-युवाओं और प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया।
जनसंगठनों के आह्वान पर हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारी गांधी मैदान से जुलूस निकालकर लोकभवन की ओर बढ़े। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, एसआईआर प्रक्रिया रद्द करने, बिहार विधानसभा चुनाव रद्द कर पुनः चुनाव कराने, कानून-व्यवस्था में सुधार, महिलाओं एवं दलितों पर अत्याचार रोकने, बाढ़-सूखा का स्थायी समाधान, बेरोजगारी और पलायन पर रोक, चार श्रम संहिताओं की वापसी तथा महंगाई एवं भ्रष्टाचार के विरोध में नारे लगाये गये।
प्रदर्शनकारी जेपी गोलंबर पर पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़े, लेकिन डाकबंगला चौराहे पर भारी पुलिस बल और मजबूत बैरिकेडिंग के कारण उन्हें रोक दिया गया। इसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित