देवरिया , मार्च 29 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने कहा कि जनभागीदारी से ही विकसित भारत का संकल्प पूरा होगा और देवरिया इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। पूर्वांचल क्रांति दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने 'अमृत प्रयास' के तहत देवरिया लोकसभा क्षेत्र के समग्र विकास का विजन प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को हासिल करने में जनभागीदारी की अहम भूमिका है।

सांसद ने बताया कि 'अमृत प्रयास' के माध्यम से अगले 10 वर्षों के लिए एक मजबूत विकास रणनीति तैयार की गई है, जिसमें सात प्रमुख संकल्पों के जरिए हर वर्ग को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने दो प्रमुख संकल्पों नकदी फसल और एग्रो प्रोसेसिंग तथा युवाओं को रोजगार पर विशेष जोर देते हुए कहा कि कृषि क्षेत्र में पायलट प्रोजेक्ट सफल रहा है और अब इसे व्यापक स्तर पर लागू किया जाएगा। इसके तहत किसानों को आधुनिक तकनीक, भंडारण, ऋण सुविधा और बाजार से जोड़ने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

युवाओं के रोजगार पर उन्होंने कहा कि विभिन्न सरकारी योजनाओं, सामाजिक संस्थाओं और जागरूकता अभियानों के माध्यम से उद्यमिता को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित हो सकें।

उन्होंने बताया कि देवरिया लोकसभा के सभी विधानसभा क्षेत्रों में एक मजबूत इकोसिस्टम विकसित किया जा रहा है, जिससे गांवों में छोटे-छोटे उद्योग स्थापित हों और युवाओं को अपने क्षेत्र में ही रोजगार मिल सके। साथ ही देवरिया रेलवे स्टेशन को 'अमृत रेलवे स्टेशन' के रूप में विकसित किया जा रहा है।

इस अवसर पर राज्य मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम, सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी, विधायक सुरेंद्र चौरसिया और जिला परिषद अध्यक्ष गिरीशचंद्र तिवारी ने भी अपने विचार रखे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित