पंचकूला , जुलाई 11 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि नशाखोरी केवल कानून-व्यवस्था का मुद्दा नहीं, बल्कि समाज, परिवार और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गंभीर चुनौती है। इसका स्थायी समाधान तभी संभव है, जब पूरा समाज एकजुट होकर इसे जन आंदोलन का रूप दे। मुख्यमंत्री हरियाणा उदय अभियान के तहत 'नशा मुक्त हरियाणा' विषय पर आयोजित गैर-सरकारी संगठनों और केमिस्ट एसोसिएशनों के संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि विकसित हरियाणा और विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब युवा नशे से मुक्त रहेंगे और अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगाएंगे। इसी उद्देश्य से सामुदायिक पुलिसिंग और जनभागीदारी के माध्यम से राज्यभर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सभी उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल नशा तस्करों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि समाज में नशे की मांग को भी समाप्त करना है। इसके लिए जिला और स्थानीय स्तर पर टास्क फोर्स गठित की जाएगी, जिसमें एसडीएम, बीडीपीओ, ग्राम सरपंच और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। ये टीमें गांव-गांव, वार्ड और मोहल्लों में जागरूकता अभियान चलाएंगी।
उन्होंने कहा कि नशे की लत से प्रभावित लोगों को समाज से अलग करने के बजाय उन्हें विश्वास, अवसर और सकारात्मक वातावरण देकर मुख्यधारा में वापस लाने की जरूरत है। अभिभावकों से बच्चों के साथ अधिक समय बिताने और उन्हें मोबाइल की बजाय परिवार से जोड़ने की भी अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित