भिवानी , जून 16 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मंगलवार को पंचायत भवन में जनकल्याण शिविर, प्रबुद्धजन समावेशी बैठक और विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांसद धर्मबीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक विशिष्ट अतिथि रहे।
कार्यक्रम में केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा विकास प्रदर्शनी लगाई गई तथा विभिन्न विभागों ने अपनी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए।
सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 का सपना तभी साकार होगा जब आमजन इसकी प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। देश की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है और विकसित राष्ट्र बनने की मजबूत नींव रखी जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि रेलवे, सड़क, राष्ट्रीय राजमार्ग और हवाई सेवाओं के विस्तार से देश का संपर्क तंत्र मजबूत हुआ है, जिससे यात्राएं अधिक सुगम और तेज हुई हैं। उन्होंने लोगों से नशे से दूर रहने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित