गौतमबुद्धनगर , जून 04 -- उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर में जनपद स्तरीय सब जूनियर बालक एवं बालिका खेल प्रतियोगिता का शुभारम्भ गुरुवार को मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ।

जिलाधिकारी द्वारा जानकारी साझा की गई जिसमें उन्होंने बताया कि, यह प्रतियोगिता 04 जून से 06 जून तक चलेगी, जिसमें बास्केटबॉल, कबड्डी, जूडो, नेटबॉल और कुश्ती जैसी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

प्रतियोगिता के पहले दिन बास्केटबॉल और कबड्डी मुकाबलों का सफल आयोजन किया गया। बास्केटबॉल प्रतियोगिता में रामाज्ञा स्कूल नोएडा, ड्रिबलिंग ड्रिल्स बास्केटबॉल अकादमी, जीसस एंड मेरी कॉन्वेंट स्कूल, मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम, नोएडा बास्केटबॉल क्लब, बास्केटबॉल हीरोज, चैंप्स अकादमी और दादरी बास्केटबॉल क्लब की बालक एवं बालिका टीमों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

वहीं कबड्डी प्रतियोगिता में भी खिलाड़ियों का जोश देखने लायक रहा। बालक वर्ग में चिटहेरा, चचूला, देवला, जे.डी. अकादमी, सद्भावना अकादमी, एच.आर. अकादमी, एस.वी.एफ., मिहिर भोज इंटर कॉलेज, मलकपुर ए, मलकपुर बी, नई बस्ती और जी.आई.सी. की टीमों ने भाग लिया। बालिका वर्ग में जे.डी. अकादमी, एस.आर.बी. स्कूल, एच.सी.एल., जी.आई.सी. नोएडा, एस.वी.एफ. और नई बस्ती की टीमों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का शुभारम्भ प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली, मास्टर बालचंद नागर तथा अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा किया गया। इस दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय देते हुए दर्शकों का मन मोह लिया।

कबड्डी प्रतियोगिता के बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में नई बस्ती की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जे.डी. अकादमी को 17-10 से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं बालक वर्ग का फाइनल मुकाबला एस.वी.एफ. और मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम की टीमों के बीच बेहद रोमांचक रहा। कड़े संघर्ष के बाद एस.वी.एफ. की टीम विजेता बनी और प्रथम स्थान पर कब्जा जमाया।

इस अवसर पर खेल प्रशिक्षक सुमित नागर सहित अनेक खेल प्रेमी, अभिभावक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के आगामी दिनों में जूडो, नेटबॉल और कुश्ती प्रतियोगिताओं के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे, जिनमें जनपद के प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को मंच प्रदान करने के साथ-साथ खेल संस्कृति को भी मजबूत करती हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित