जगदलपुर , फरवरी 16 -- त्तीसगढ़ में बस्तर जिला कार्यालय में आयोजित 'जनदर्शन' कार्यक्रम में सोमवार को एक ऐसा मामला सामने आया, जहां प्रशासनिक तंत्र ने त्वरित संवेदनशीलता दिखाते हुए एक छात्रा की शिक्षा से जुड़ी बड़ी बाधा को दूर किया। बालोद जिले के ग्राम गुड़ुम की रहने वाली भावना कोठारी, जो वर्तमान में शासकीय महाविद्यालय भानपुरी में बी.एससी. की छात्रा हैं, ने जनदर्शन के दौरान कलेक्टर के समक्ष अपनी समस्या रखी।
छात्रा ने अपने आवेदन में बताया कि पिछले दो वर्षों से वह किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही हैं। छात्रावास की सुविधा न मिलने के कारण उन्हें न केवल आर्थिक रूप से संघर्ष करना पड़ रहा था, बल्कि निजी आवास में असुरक्षा और शांतिपूर्वक अध्ययन के माहौल के अभाव में उनकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही थी। उन्होंने कलेक्टर से कन्या परिसर बेसोली में रिक्त पड़े क्वार्टर में रहने की अनुमति प्रदान करने का अनुरोध किया, ताकि वे निर्बाध रूप से अपनी शिक्षा जारी रख सकें।
छात्रा की शैक्षणिक लगन और उसकी व्यावहारिक समस्या की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर आकाश छिकारा ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने मामले की गंभीरता को समझते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छात्रा को तत्काल आवास उपलब्ध कराया जाए। कलेक्टर के निर्देश के बाद प्रशासन द्वारा भावना कोठारी के लिए पोस्ट मैट्रिक छात्रावास भानपुरी में रहने की व्यवस्था सुनिश्चित कर दी गई।
प्रशासन के इस निर्णय से भावना की राह आसान हो गई है। अब वह बिना किसी आर्थिक बोझ और आवास की चिंता के अपनी स्नातक की पढ़ाई पूरी कर सकेंगी। एक ओर जहां किराए के मकान में रहना उनके लिए आर्थिक रूप से चुनौतीपूर्ण था, वहीं दूसरी ओर छात्रावास का व्यवस्थित वातावरण उनके शैक्षणिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित