पुणे , अगस्त 10 -- केंद्रीय सहकारिता एवं नागर विमानन राज्य मंत्री सांसद मुरलीधर मोहोल ने रविवार को कहा कि जनप्रतिनिधियों को जनता से लगातार जुड़े रहने के लिए पारंपरिक जनसंपर्क के साथ आधुनिक प्रौद्योगिकी का भी इस्तेमाल करना चाहिए, ताकि वे नागरिकों के लिए चौबीसों घंटे उपलब्ध रह सकें।

श्री मोहोल यहां बोपोडी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता सनी निम्हान के नये जनसंपर्क कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर बोल रहे थे।

इस अवसर पर नागरिकों को मोबाइल फोन के माध्यम से सीधे शिकायतें और सुझाव दर्ज कराने तथा उन पर हुई कार्रवाई की जानकारी लेने में सक्षम बनाने वाली उन्नत व्हाट्सऐप बॉट सेवा भी शुरू की गयी। श्री मोहोल ने कहा कि इस पहल से नागरिक अपने जनप्रतिनिधियों से 24 घंटे संपर्क कर सकेंगे, शिकायतों का फॉलोअप ले सकेंगे और प्रशासन के साथ अधिक प्रभावी ढंग से संवाद कर सकेंगे।उन्होंने कहा कि श्री निम्हान पुणे में इस तरह की प्रौद्योगिकी आधारित शिकायत निवारण व्यवस्था शुरू करने वाले पहले जनप्रतिनिधि बन गये हैं। व्हाट्सऐप बॉट के माध्यम से नागरिक शिकायत दर्ज कराने के साथ ही उस पर हुई कार्रवाई की स्थिति जान सकेंगे, संबंधित विभाग से फॉलोअप कर सकेंगे और शिकायत के समाधान के बाद इसकी पुष्टि भी प्राप्त कर सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को बार-बार जनसंपर्क कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत से मुक्त करना है।

इस अवसर पर विधायक सिद्धार्थ शिरोले, उप महापौर परशुराम वाडेकर, पार्षद सपना छाजेड़, पूर्व एवं वर्तमान पार्षदों के अलावा विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय निवासी मौजूद थे।

श्री निम्हान ने कहा कि चुनाव के दौरान नागरिकों से किये गये प्रत्येक वादे को पूरा करना उनकी प्राथमिकता रहेगी और जवाबदेही उनके कामकाज का मूल आधार होगी। उन्होंने कहा कि शिकायतों का पारदर्शी तरीके से फॉलोअप किया जाएगा और नागरिकों को उनकी प्रगति की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि शिकायतों और उन पर की गयी कार्रवाई की मासिक समीक्षा भी जनता के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी केवल सड़क, जलापूर्ति और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि छात्रों के लिए छात्रवृत्ति, युवाओं के लिए मार्गदर्शन, महिलाओं के लिए कार्यक्रम, सामाजिक पहल और नागरिकों के समग्र विकास तक भी इसका विस्तार है। उन्होंने कहा कि सोमेश्वर फाउंडेशन के माध्यम से ऐसी कई पहलें लागू की जा रही हैं।

श्री निम्हान ने कहा कि श्री मोहोल और श्री शिरोले के मार्गदर्शन में 'स्मार्ट औंध-बोपोडी' के लिए 22 सूत्रीय विकास योजना तैयार की गयी है। इसे अगले पांच वर्षों में स्थानीय निकायों तथा राज्य और केंद्र सरकार के सहयोग से चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।

श्री शिरोले ने श्री निम्हान की पहल की सराहना करते हुए कहा कि अच्छे कार्यों की परंपरा को जारी रखते हुए जनसंपर्क को मजबूत करने के लिए आधुनिक प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल अन्य जनप्रतिनिधियों के लिए भी एक मॉडल बन सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित