नयी दिल्ली , सितंबर 3 -- वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) और पेशेवरों की वैश्विक संस्थाओं से जनता, सरकार और कंपनी जगत के बीच विश्वास मजबूत बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया है।

श्री गोयल चार्टर्ड अकाउंटेंट के वैश्विक संगठन इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ अकाउंटेंट्स (आईएफएसी) के निदेशक मंडल की नयी दिल्ली में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस बैठक का आतिथ्य भारत में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की सांविधिक संस्था भारतीय सनदी लेखाकार संस्थान (आईसीएआई) ने किया है।

वाणिज्य मंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया कि उन्होंने इस बैठक में भारत की आर्थिक वृद्धि की कहानी बतायी। उन्होंने कहा कि भारत की आर्थिक वृद्धि की राह विश्वास, प्रतिभा और परिवर्तन पर आधारित है। भारत दुनिया भर की कंपनियों के लिए गहरी वैश्विक भागीदारी और सहयोग के अवसर प्रदान करता है। इस अवसर को देश में विभिन्न प्रकार के पेशवरों के एक मजबूत पारिस्थितकी तंत्र और हुनरमंद कामगारों के मजबूत आधार से बल मिलता है।

श्री गोयल ने कहा कि उन्होंने अपने संबोधन में व्यवसाय जगत, जनता और सरकारों के बीच विश्वास मजबूत करने में चार्टर्ड अकाउंटेंट और पेशेवरों के निकायों की भूमिका के महत्व को रेखांकित किया ।

उन्होंने इस अवसर पर उन्हें पेशे में आधूनिक प्रौद्योगिकी , कृत्रिम मेधा और नवाचार को अपनाते हुए वैश्विक अर्थव्यवस्था की मजबूती और स्वस्थ तथा समावेशी विकास के लिए काम करने का भी आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित