टिहरी , अप्रैल 06 -- उत्तराखंड में टिहरी कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में सोमवार को बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे जहां 85 से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं।

जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को त्वरित और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा है कि जनता की समस्याओं का समाधान समयबद्ध ढंग से किया जाए। जिन प्रकरणों में शासन स्तर पर कार्रवाई अपेक्षित है, उनमें शीघ्र पत्राचार कर शिकायतकर्ताओं को भी अवगत कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की नसीहत देते हुए कहा कि जनता अपनी उम्मीदों के साथ यहां आती है और उन पर खरा उतरना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

जनता मिलन के दौरान विभिन्न समस्याओं पर मौके पर ही निर्देश जारी किए गए। चुनारी गाड़ में चेक डैम पर सुरक्षा दीवार व पुलिया निर्माण की मांग पर संबंधित विभाग को प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। ग्राम कोठी की एक शिकायत में दिव्यांग प्रमाण पत्र व आधार कार्ड न बनने से योजना का लाभ न मिलने पर जांच के निर्देश दिए गए।

प्रतापनगर क्षेत्र में वर्षा से क्षतिग्रस्त मकान के मुआवजे और किराया भुगतान के मामले में एसडीएम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं नरेंद्रनगर क्षेत्र में भूमि अतिक्रमण और सड़क कटान की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग और राजस्व विभाग को जांच कर कार्रवाई करने को कहा गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित