पौड़ी , जुलाई, 20 -- उत्तराखंड में पौड़ी कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने विभिन्न विभागों से जुड़ी एक दर्जन से अधिक जनशिकायतों की सुनवाई की। इस दौरान अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया, जबकि शेष शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन, ई-ऑफिस, जनदर्शन, पत्राचार एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं तय समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही या अनावश्यक देरी किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी तथा जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
जनता मिलन में बीरोंखाल के सिंदुड़ी बड़ी की ग्राम प्रधान सविता देवी ने भूमि रजिस्ट्री के लिए विशेष शिविर आयोजित कराने की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी को तिथि निर्धारित कर शिविर आयोजित कराने के निर्देश दिए। वहीं महिला मंगल दल के लिए टीन शेड निर्माण सहित अन्य मांगों पर जिला पंचायत राज अधिकारी को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। बैंगवाड़ी निवासी मनमोहन सिंह ने वर्ष 2025 में गदेरे के बहाव से बगीचे, सब्जियों और फलदार पेड़ों को हुए नुकसान की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर संयुक्त मजिस्ट्रेट को तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए। पौड़ी-कोटद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर ईटीसी गदेरे के पानी से सड़क क्षतिग्रस्त होने की शिकायत पर राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकारियों को स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित