पौड़ी , जुलाई 13 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में जनसमस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने विभिन्न विभागों से जुड़ी 12 से अधिक शिकायतों की सुनवाई की और अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन, ई-ऑफिस और अन्य माध्यमों से प्राप्त लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण संवेदनशीलता, जवाबदेही और निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जनता मिलन कार्यक्रम में श्रीनगर के स्वीत गांव निवासी दिनेश सिंह रावत ने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना से प्रभावित भूमि के ब्याज भुगतान का मामला उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी को आवश्यक अभिलेख लेकर नियमानुसार भुगतान की प्रक्रिया प्राथमिकता से पूरी करने के निर्देश दिए।
तहसील पौड़ी के केवर्स गांव के ग्रामीणों ने पेयजल आपूर्ति नियमित न होने की शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को तत्काल मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। वहीं, कलियासौड़ निवासी मदनलाल की पेयजल समस्या के समाधान के लिए भी विभागीय अधिकारियों को उसी दिन कार्रवाई करने को कहा गया।
जनता मिलन कार्यक्रम का सकारात्मक प्रभाव भी देखने को मिला। विकासखंड पोखड़ा के ऐरोली मल्ली निवासी मनोहर प्रसाद पंत को चौबट्टाखाल पम्पिंग पेयजल योजना के अंतर्गत 24 माह से लंबित 30 हजार रुपये का मानदेय भुगतान कराया गया। इसी तरह थलीसैंण निवासी बालम सिंह के नगर पंचायत से संबंधित लंबित बिल का भी भुगतान सुनिश्चित कराया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित