चंडीगढ़ , मई 12 -- हरियाणा के सिरसा से सांसद कुमारी सेलजा ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की जनता पहले से ही महंगाई, बेरोजगारी और बढ़ते घरेलू खर्चों के दबाव में जी रही है लेकिन सरकार राहत देने की बजाय लोगों से लगातार "त्याग" और "समझौता" करने की अपील कर रही है। उन्होंने इसे आर्थिक प्रबंधन की कमजोरी का संकेत बताया।
कुमारी सैलजा ने कहा कि आम लोगों को कभी पेट्रोल-डीजल कम इस्तेमाल करने की सलाह दी जाती है तो कभी घरेलू खर्च सीमित रखने की बात कही जाती है। उनका कहना है कि इससे साफ दिखाई देता है कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने और लोगों को आर्थिक राहत देने में सफल नहीं रही। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की जेब पर बढ़ते बोझ को कम करने की बजाय लोगों को खर्च घटाने के लिए मानसिक रूप से तैयार कर रही है।
सांसद ने कहा कि सरकार का काम लोगों को राहत देना, रोजगार के अवसर बढ़ाना और स्थिर आर्थिक माहौल बनाना होता है लेकिन मौजूदा हालात में आम परिवारों के लिए घर चलाना मुश्किल होता जा रहा है। कांग्रेस पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और सरकार से जवाब मांगती रहेगी।
कुमारी सैलजा ने यह भी संकेत दिया कि आने वाले समय में ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी और खर्चों में कटौती जैसे सख्त फैसले देखने को मिल सकते हैं। उनके मुताबिक सरकार पहले से ही जनता को इसके लिए तैयार करने का प्रयास कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित