लखनऊ , अप्रैल 1 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ नगर निगम के कूड़ा प्रबंधन को सुदृढ़ करने के लिए 250 इलेक्ट्रिक एवं सीएनजी वाहनों को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता ने "राजनीतिक कचरा" हटाकर बदलाव की जो नींव रखी, उसी का परिणाम है कि उत्तर प्रदेश आज स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में अंधेरा, अव्यवस्था और गंदगी का माहौल था। तत्कालीन सरकारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उस समय सत्ता में बैठे लोगों को रोशनी नहीं, बल्कि अंधेरा पसंद था। उनकी सरकार ने "अंधेरे की संस्कृति" को समाप्त कर पूरे प्रदेश में एलईडी स्ट्रीट लाइट्स के जरिए आधुनिक और सुरक्षित वातावरण तैयार किया। पिछले 9 वर्षों में लखनऊ ने स्वच्छता रैंकिंग में देश के शीर्ष 3 शहरों में स्थान बनाया है। उन्होंने कहा कि अब राज्य 'नेट जीरो' लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है, जहां कार्बन उत्सर्जन न्यूनतम होगा और हरित विकास को बढ़ावा मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित