चंडीगढ़ , मई 04 -- हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जनता ने सभी दलों को परख लिया है और काम करने वाली पार्टी के रूप में केवल भाजपा को चुना है।
उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि अन्य पार्टियां पारिवारिक राजनीति या सत्ता हासिल करने तक सीमित हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा लगातार विभिन्न राज्यों में जीत दर्ज कर रही है और आगे भी जहां-जहां चुनाव होंगे, वहां पार्टी विजय हासिल करेगी। श्री विज ने भाजपा को विचारधारा, राष्ट्रवाद और विकास की राजनीति करने वाली पार्टी बताते हुए कहा कि इसी कारण जनता का विश्वास लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने पंजाब के आगामी चुनावों को लेकर दावा किया कि राज्य में भी भाजपा की सरकार बनेगी और ''कमल'' खिलेगा।
इस मौके पर अंबाला छावनी स्थित भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर भांगड़ा किया गया, लड्डू बांटे गए और आतिशबाजी कर खुशी जताई गई। कार्यक्रम में पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित