टोंक , अक्टूबर 04 -- कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा है कि टोंक की जनता ने एक बार फिर कांग्रेस पार्टी पर अपना विश्वास जताया है और अब टोंक शहर के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जायेगी।
श्री पायलट ने रविवार को टोंक में टोंक नगर परिषद में कांग्रेस के बोर्ड का गठन होने पर आयोजित ''धन्यवाद रैली'' में शामिल होकर नगर परिषद् के चुनाव में कांग्रेस को समर्थन और आशीर्वाद देने के लिए टोंक की जनता का आभार व्यक्त किया। इससे पूर्व टोंक पहुंचने के दौरान मार्ग में जगह-जगह कार्यकर्ताओं एवं आमजन ने उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि टोंक की जनता ने एक बार फिर कांग्रेस पार्टी पर अपना विश्वास जताया है और एक बार फिर कांग्रेस पार्टी को बहुत अच्छा बहुमत दिया। कांग्रेस पार्टी ने भी सोच-समझकर एक पढ़े-लिखे, शिक्षित और युवा व्यक्ति को नेतृत्व का अवसर दिया है।
इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि इन चुनावों के दौरान जिस प्रकार के हालात देखने को मिले, वैसे हालात पहले कभी नहीं देखे गए। चुनाव के बाद कांग्रेस के निर्वाचित पार्षदों पर दबाव बनाने का सुनियोजित प्रयास किया गया। पुलिस और प्रशासनिक मशीनरी का इस्तेमाल करते हुए खुलेआम यह दबाव बनाया गया कि कांग्रेस का बोर्ड नहीं बनने दिया जाए। इसके बावजूद कांग्रेस के पार्षद अपने निर्णय पर अडिग रहे और उन्होंने तमाम दबाव, धमकियों और प्रताड़ना को सहन करते हुए कांग्रेस पार्टी के पक्ष में मतदान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित