प्रयागराज , अगस्त 13 -- उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लोकसभा के मानसून सत्र में संसद की कार्यवाही बाधित होने के मुद्दे पर कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश की जनता विपक्षी दलों के चरित्र और आचरण को देख चुकी है।

श्री मौर्य ने गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि विपक्षी दल जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय केवल हंगामा करने में लगे हैं। विपक्ष का व्यवहार ऐसा है कि वह सत्ता से तो दूर हुआ ही है, भविष्य में विपक्ष की भूमिका से भी दूर हो सकता है।

विपक्षी दलों ने संसद में अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन नहीं किया, जिसके कारण कई महत्वपूर्ण विधेयक बिना विस्तृत चर्चा के पारित हो गए। उनका आरोप था कि विपक्ष चर्चा नहीं बल्कि व्यवधान चाहता है।

जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन का उल्लेख करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आंदोलन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया, लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव अनावश्यक शोर-शराबा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट है कि विपक्ष सदन में सार्थक चर्चा नहीं चाहता।

सपा नेता एवं पूर्व मंत्री आजम खान के खिलाफ हो रही कार्रवाई के संबंध में पूछे जाने पर श्री मौर्य ने कहा कि राज्य सरकार किसी के खिलाफ प्रतिशोध की भावना से कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि किसी को लगता है कि उसके साथ अन्याय हो रहा है तो उसके लिए न्यायालय का रास्ता खुला है। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होगी।

सपा नेता शिवपाल सिंह यादव द्वारा वर्ष 2027 में सपा सरकार बनने पर अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री और आजम खान को गृह मंत्री बनाए जाने संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री मौर्य ने कहा कि आजम खान सजायाफ्ता व्यक्ति हैं और चुनाव लड़ने की पात्रता भी नहीं रखते। उन्होंने कहा कि यह समाजवादी पार्टी की सोच को दर्शाता है।

उपमुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा सरकार ने अपने कार्यकाल में सिमी जैसे प्रतिबंधित संगठन से जुड़े मामलों को वापस लेने का प्रयास किया था, जिसे इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने रोक दिया था। उन्होंने कहा कि बाद में मामलों की सुनवाई हुई और अदालत ने कई आरोपियों को दोषी ठहराया।

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबंध में की गई टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री मौर्य ने कहा कि व्यक्ति की भाषा उसके संस्कारों को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने वर्षों से प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं, लेकिन जनता इसका जवाब चुनाव में देती रही है।

प्रयागराज के दरियाबाद क्षेत्र स्थित पटेल नगर में पार्क की भूमि को कथित रूप से कब्रिस्तान में शामिल किए जाने के मामले पर उन्होंने कहा कि शिकायत प्राप्त हुई है और यदि जांच में किसी प्रकार का अवैध कब्जा पाया जाता है तो कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद कराए गए शुद्धिकरण हवन के संबंध में पूछे जाने पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' की है तथा सभी को सम्मान देने में विश्वास रखती है।

भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा द्वारा लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 350वीं जयंती वर्ष के अवसर पर चलाए जा रहे अभियान का उल्लेख करते हुए श्री मौर्य ने कहा कि भाजपा देश के सभी महापुरुषों का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर, सरदार वल्लभभाई पटेल, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और चंद्रशेखर आजाद जैसे महान व्यक्तित्वों के योगदान को सम्मानित करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि जहां भाजपा सभी महापुरुषों का सम्मान करती है, वहीं कांग्रेस और समाजवादी पार्टी सीमित राजनीतिक परिवारों तक ही सम्मान को केंद्रित करती हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित