पौड़ी , अक्टूबर, 12 -- उत्तराखंड में पौड़ी के मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता मे सोमवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में आमजन की पेयजल, सड़क, विद्युत, पेंशन, किसान सम्मान निधि और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं सुनी गईं। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गंभीरता से परीक्षण कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पूर्व में प्राप्त शिकायतों की प्रगति की समीक्षा भी की गई।

जनता दर्शन में दुगड्डा विकासखंड में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पंजीकरण नहीं होने की शिकायत पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। कांडई गांव में सीवर का गंदा पानी अधिक मात्रा में बहने की समस्या पर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को नाली निर्माण का कार्य जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए गए। वहीं, दोमटखाल मोटर मार्ग पर क्षतिग्रस्त स्कपर से दुर्घटना की आशंका को देखते हुए लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड को शीघ्र मरम्मत कराने को कहा गया।

वंही पेयजल संबंधी शिकायतों पर ग्राम नौली में बाधित जलापूर्ति के मामले में जल निगम के अधिशासी अभियंता को स्थलीय निरीक्षण कर प्राक्कलन प्रस्तुत करने तथा जामणाखाल पेयजल योजना से जुड़े दुर्गाकोट, कमेड़ा सहित अन्य गांवों में आपूर्ति सुचारू करने के लिए जल संस्थान को मौके पर जाकर स्थिति का आकलन करने के निर्देश दिए गए। विधवा पेंशन नहीं मिलने और सहकारी समितियों के सेवानिवृत्त सचिवों की ग्रेच्युटी एवं अन्य सेवानिवृत्ति लाभों से जुड़ी शिकायतों पर भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। किसान सम्मान निधि की राशि नहीं मिलने के मामलों में संबंधित विकासखंड से जांच कराकर लाभार्थियों को वस्तुस्थिति से अवगत कराने के निर्देश दिए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित