नयी दिल्ली , फरवरी 23 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता डॉ. नरेश कुमार ने प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी की सरकार को आम आदमी पार्टी सरकार का पार्ट-2 करार दिया है और कहा है कि रेखा गुप्ता सरकार सिर्फ जनता को ठग रही है, गुमराह कर रही है और बहका रही है।
डॉ कुमार ने सोमवार को संवाददाताओं से कहा कि जिस तरफ़ फ़िल्म धुरंदर पार्ट- 2, बॉर्डर पार्ट-2 आयी, उसी तरह भाजपा की दिल्ली सरकार भी आप पार्ट-2 बनकर आयी है। उन्होंने आरोप लगाया कि रेखा गुप्ता की सरकार ने पिछले एक साल के दौरान विकास के कोई काम नहीं किये। केवल झूठे वादे, झूठा प्रचार और सस्ती लोकप्रियता हासिल करने की राजनीति की है।
उन्होंने कहा कि जिन मुद्दों को लेकर आप ने दिल्ली में सरकार बनाई थी, आज भी उन्हीं मुद्दों को आधार बनाकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता भली-भांति जान चुकी है कि उसे पूरा अवसर दिया गया था, लेकिन उन मूल मुद्दों पर कोई ठोस काम नहीं किया गया, जिनके नाम पर आज फिर जनता के बीच जाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पिछले एक साल में दिल्ली के लोगों के विश्वास पर खरी नहीं उतरी है। जिस तर्ज पर 'आप' सरकार ने दिल्ली के लोगों को ठगा था, उसी तर्ज पर यह भाजपा सरकार भी जनता को ठग रही है, गुमराह कर रही है और बहका रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित