जयपुर , अप्रैल 11 -- राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने शनिवार को कहा कि उनके लिए जनता के प्यार से बड़ा कोई पद नहीं है, जो प्रदेश में उन्हें सर्वाधिक मिल रहा है।
श्रीमती राजे ने झालावाड़ जिले के कामखेड़ा बालाजी प्रांगण में सांसद दुष्यंत सिंह की पदयात्रा के अवसर पर यह बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि झालावाड़ जिले के कामखेड़ा बालाजी प्रांगण में श्री दुष्यंत सिंह की पदयात्रा के अवसर पर उनका वहां के लोगों से जो संवाद हुआ,उसे ग़लत संदर्भ से जोड़ कर ग़लत प्रचारित किया जा रहा है। जो एक षड्यंत्र के अलावा कुछ भी नहीं है। उन्होंने कहा " मैंने कभी पद की बात नहीं की। मैं पहले भी कई बार कह चुकी हूं कि मेरे लिए जनता के प्यार से बड़ा कोई पद नहीं है। जो प्रदेश में मुझे सर्वाधिक मिल रहा है।"श्रीमती राजे ने कहा "उनके विधानसभा क्षेत्र से होकर एक फ़ोरलेन सड़क बन रही है।जिसके बाइपास का वहां के लोग एलाइमेंट बदलवाना चाहते थे। मैं उनको उदाहरण दे कर समझा रही थी कि धौलपुर में मेरे घर के सामने से राष्ट्रीय राजमार्ग निकला तो मुझे भी अपने घर की बाउंड्री पीछे लेनी पड़ी थी। मैं अपने आपके लिए नहीं लड़ सकी। जब मेरा घर ही रोड में चला गया नियमों के कारण, मैं अपना घर ही टूटने से नहीं बचा सकी तो आपका कैसे बचा पाऊंगी।"श्रीमती राजे ने कहा कि झालावाड़ को उन्होंने कभी राजनीतिक क्षेत्र नहीं माना,अपना परिवार माना है जहां के लोगों से उनका ऐसे ही अनौपचारिक संवाद होता है। इसे ग़लत ढंग से परोसना साज़िश ही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित