गोरखपुर , मार्च 26 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर शिकायत का त्वरित, निष्पक्ष और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा, "चिंता मत करिए, सरकार आपकी हर समस्या पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराएगी।" जनता दर्शन में पहुंचे लोगों को महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर बैठाया गया था, जहां मुख्यमंत्री स्वयं उनके बीच पहुंचे और एक-एक कर सभी की समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रार्थना पत्र लेकर संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए। जमीन कब्जा और अपराध से जुड़ी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि यदि कोई दबंग किसी की जमीन पर अवैध कब्जा करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि गरीबों की संपत्ति पर उनका ही अधिकार सुनिश्चित किया जाए और किसी भी स्थिति में उन्हें उजाड़ने वालों को बख्शा न जाए। पारिवारिक विवादों के मामलों में मुख्यमंत्री ने पहले आपसी संवाद से समाधान निकालने की बात कही। यदि बातचीत से समाधान संभव न हो, तो विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरतमंदों के इलाज का एस्टीमेट जल्द तैयार कराकर सरकार को भेजा जाए, ताकि तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित