गोरखपुर , मई 05 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के परिणाम के लिए वहां की जनता का अभिनंदन करते हुए इस परिणाम को जन उपेक्षा करने वाले राजनीतिक दलों के लिए बड़ा सबक बताया है।

मंगलवार दोपहर बाद गोरखपुर के जंगल बेनी माधव में पांच करोड़ रुपये की अधिक की लागत से नवनिर्मित कल्याण मंडपम ;कन्वेंशन सेंटर. का उद्घाटन करने के साथ ही महानगर के विकास से जुड़ी 612.32 करोड़ रुपये की लागत वाली 71 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद योगी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि अच्छी सरकार ही अच्छा परिणाम लाती है। अच्छी सरकार न होने पर परिणाम पश्चिम बंगाल जैसा होता है।

उन्होंने कहा कि जो भी जनता की उपेक्षा करेगा, विकास के पैसे पर डकैती करेगा, गुंडों को प्रश्रय देगा और सनातन का अपमान करेगा, उसका सूपड़ा साफ होना तय है। पश्चिम बंगाल की जनता ने ऐसा करके दिखा भी दिया है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने करारा जवाब देते हुए टीएमसी का सूपड़ा साफ कर दिया है औीर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में अब पश्चिम बंगाल .सोनार बांग्ला. बनेगा। उन्होंने कहा कि अच्छी सरकार न होने पर परिणाम पश्चिम बंगाल जैसा होता है।

उत्तर प्रदेश और गोरखपुर में 2017 के बाद से हो रहे तीव्र विकास और जनकल्याण का उल्लेख करते हुए योगी ने कहा कि जब अच्छी सरकार होती है तो वह अच्छा कार्य भी करती है। उन्होंने कहा कि जब नीयत साफ हो, नीति स्पष्ट हो और कुछ करने का दृढ़ संकल्प हो तो सार्थक परिणाम भी आते हैं। आज वही परिणाम गोरखपुर और समूचे उत्तर प्रदेश में दिख रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित