पटना , जुलाई 10 -- बिहार जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने शुक्रवार को कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरनाराष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

श्री कुशवाहा ने आज बयान जारी कर कहा कि राज्य की जनता ने जिस अटूट भरोसे और विश्वास के साथ नीतीश कुमार के नेतृत्व में राजग को 202 सीटों का ऐतिहासिक जनादेश दिया है, उस विश्वास पर खरा उतरने के लिए मुख्यमंत्री सम्राटचौधरी के नेतृत्व में राजग सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

श्री कुशवाहा ने कहा कि पिछले 20 वर्षों में नीतीश कुमार ने विकास की रोशनी घर-घर तक पहुँचाई, बिहार को जंगलराज से निकालकर सुशासन की स्थापना की तथा समाज के उन वर्गों को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ा, जो लंबे समय तक वंचित और उपेक्षित रहे। अपने सुशासन एवं विकास माॅडल के माध्यम से उन्होंने देश-दुनिया में बिहार की एक नई पहचान स्थापित की। उन्होंने कहा कि राजग का प्रत्येक कार्यकर्ता दो दशकों की इन ऐतिहासिक उपलब्धियों तथा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए समर्पित भाव से कार्यरत है।

जदयू अध्यक्ष श्री कुशवाहा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौधरी के नेतृत्व में वर्तमान राजग सरकार, नीतीश कुमार के सुशासन एवं विकास के एजेंडे को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाते हुए जनसेवा और विकास कार्यों को नई गति प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाना, विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना तथा सुशासन की परंपरा को और अधिक सुदृढ़ करना डबल इंजन की राजग सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

श्री कुशवाहा ने कहा कि नीतीश कुमार की महत्वाकांक्षी 'सात निश्चय-3' के अंतर्गत 'सबका सम्मान - जीवन आसान' के संकल्प को साकार करने के लिए पंचायत स्तर पर 'सहयोग शिविर' की शुरुआत एक ऐतिहासिक एवं जनहितकारी पहल है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौधरी के नेतृत्व में इस पहल का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है, जिसका सबसे सीधा लाभ समाज के गरीब, वंचित और बेसहारा लोगों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार को देश के शीर्ष पाँच विकसित राज्यों में शामिल करने का जो लक्ष्य निर्धारित किया है, उसे साकार करने की दिशा में डबल इंजन की राजग सरकार पूरी प्रतिबद्धता और तेजी के साथ कार्य कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित