धार , अक्टूबर 11 -- मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि समाज का विश्वास जीतने के लिए निरंतर संपर्क, संवेदनशीलता और समर्पण जरूरी है। जनसेवा का उद्देश्य प्रचार नहीं, बल्कि आमजन की समस्याओं को समझकर उनका समाधान करना होना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच सक्रिय रहकर समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचने का आह्वान किया।

श्री खंडेलवाल धार ग्रामीण जिला गठन के बाद पहली बार यहां पहुंचे। इस अवसर पर हीरा पैलेस में आयोजित भाजपा ग्रामीण की वृहद जिला बैठक में जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में जनसेवा, संगठन की मजबूती और क्षेत्र के विकास के लिए एकजुट होकर काम करने पर जोर दिया गया। इस दौरान जिला ग्रामीण की कोर कमेटी की बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई।

जिला प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि भीड़ जुटाना आसान है, लेकिन विचारधारा के प्रति समर्पित कार्यकर्ता तैयार करना कठिन है। उन्होंने राष्ट्र निर्माण, गरीबी उन्मूलन, महिला सशक्तीकरण और युवाओं को सक्षम बनाने के संकल्प के साथ काम करने की अपील की। श्री खंडेलवाल ने आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले कार्यकर्ताओं के त्याग और समर्पण की सराहना की।

संभागीय संगठन प्रभारी रणवीर सिंह रावत ने भी बैठक को संबोधित किया। जिलाध्यक्ष चंचल पाटीदार ने संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं के सम्मान और बूथ सशक्तीकरण को जिले का संकल्प बताया। बैठक में प्रदेश महामंत्री डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी, प्रदेश मंत्री जयदीप पटेल, विधायक कालूसिंह ठाकुर, जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार मेड़ा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रंजना बघेल सहित अनेक वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत में युवा मोर्चा ने मोटरसाइकिल रैली निकाली, जबकि महिला मोर्चा ने तिलक-वंदन किया। जिलाध्यक्ष चंचल पाटीदार ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री वीरेंद्र बघेल ने किया और आभार जिला महामंत्री महेंद्र सिंह मेरती ने माना।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित