रायपुर , अक्टूबर 23 -- ) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस पर जनजातीय समाज को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि दशकों तक सत्ता में रहने वाली कांग्रेस को बताना चाहिए कि उसने जनजातीय समाज के जीवन में वास्तविक बदलाव के लिए क्या किया।
कांग्रेस द्वारा बस्तर दशहरा के मुरिया दरबार में शामिल होने आई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रवास के दौरान प्रशासनिक तैयारियों को प्रशासनिक दखलंदाजी बताए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री साय ने यह बात कही। वे मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकार और सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जनजातीय समाज के कल्याण और विकास को राष्ट्रीय प्राथमिकता में रखा है। जनजातीय कार्य मंत्रालय के माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, आजीविका और सशक्तीकरण के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में भी विभिन्न विकास प्राधिकरणों और योजनाओं के जरिए जनजातीय अंचलों की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को गति दी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित