भोपाल , मई 18 -- मध्यप्रदेश के जनजातीय अंचल बड़वानी जिले में सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने "3-डी अभियान" शुरू किया है। इसके तहत दारू, दहेज और डीजे मुक्त विवाह को बढ़ावा दिया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ल के नेतृत्व में जिला पुलिस द्वारा पिछले माह से यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत विवाह समारोहों में दहेज, डीजे और शराब के उपयोग को रोकने के लिए जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है।
इसी पहल से प्रेरित होकर ग्राम जुनापानी निवासी रामा नरगावे ने अपने तीनों बच्चों के विवाह समारोह को बिना दहेज, डीजे और दारू के संपन्न कराने का संकल्प लिया था। 17 मई को उनके पुत्र कृष्णा नरगावे तथा पुत्रियां रंजिता नरगावे और दिना नरगावे का विवाह समारोह सादगीपूर्ण तरीके से आयोजित किया गया।
रामा नरगावे के आमंत्रण पर पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ल विवाह समारोह में शामिल हुए। उन्होंने नवदंपतियों को शुभकामनाएं देते हुए उपहार प्रदान किए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही नरगावे दंपति को शॉल-श्रीफल भेंट कर सामाजिक पहल के लिए सम्मानित किया।
समारोह में उपस्थित जनजातीय समाज के लोगों ने भी दहेज, डीजे और शराब जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने का संकल्प लिया। लोगों ने भविष्य में बिना दहेज, डीजे और दारू के विवाह समारोह आयोजित करने तथा दहेज लेने और देने की प्रथा बंद करने का संकल्प दोहराया। विवाह समारोह में थाना वरला का पुलिस बल, वन मंडल अधिकारी सेंधवा इंदुसिंह गडरिया, गायत्री परिवार के सदस्य खुमसिंह तथा ग्राम सरपंच पटेल सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित