बैतूल , सितंबर 28 -- जनगणना 2027 के दूसरे चरण की तैयारियों के बीच जनगणना कार्य निदेशालय, मध्यप्रदेश ने आबादी के व्यापक कवरेज के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत जंगलों में बसे परिवारों, बेघर लोगों, अस्थायी बस्तियों और सामान्य आवासीय क्षेत्रों से अलग स्थानों पर रहने वाली आबादी को भी जनसंख्या गणना में शामिल किया जाएगा।
दिशा-निर्देशों के अनुसार पिछली जनगणना में निर्जन या वीरान दर्ज गांवों में यदि अब आबादी बस गई है तो ऐसे गांवों की सूची तैयार की जाएगी। रक्षा कर्मियों, अर्धसैनिक बलों और राज्य के विशेष पुलिस बलों के ऐसे आवासीय क्षेत्रों को भी जनसंख्या गणना में शामिल किया जाएगा, जहां सुरक्षा कारणों से मकान सूचीकरण नहीं किया जाता है।
रेलवे, बिजली बोर्ड, रिफाइनरी, कोयला खदान, विश्वविद्यालय तथा शैक्षणिक, सार्वजनिक और निजी औद्योगिक इकाइयों के बड़े परिसरों में मौजूद स्वतंत्र आवासीय इकाइयों को भी अलग से सूचीबद्ध किया जाएगा। कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों के आवास वाले औद्योगिक नगरों और क्षेत्रों को भी जनसंख्या गणना में शामिल किया जाना है।
शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की सीमाओं पर किसी आबादी के छूटने की आशंका को देखते हुए जिला और चार्ज अधिकारियों को ऐसे क्षेत्रों की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं। बाढ़, सूखा या अन्य प्राकृतिक आपदाओं के कारण विस्थापित आबादी का भी रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। आवश्यकता होने पर नए प्रगणक ब्लॉक बनाए जा सकेंगे।
सड़क किनारे, रेलवे पटरियों, प्लेटफॉर्म, ह्यूम पाइप, फ्लाईओवर या सीढ़ियों के नीचे तथा पूजा स्थलों में रहने वाले बेघर परिवारों की भी गणना की जाएगी। इनकी गणना गणना अवधि के अंतिम दिन की रात को किए जाने के निर्देश हैं।
वन क्षेत्रों में मौजूद अधिकृत और अनाधिकृत बसाहटों को आवास समूह के रूप में दर्ज किया जाएगा। इनकी पहचान के लिए निकट की पहाड़ी, झरने या सड़क जैसे स्थायी स्थानों को आधार बनाया जाएगा। राहत और शरणार्थी शिविरों तथा निर्माण परियोजनाओं से जुड़ी अस्थायी बस्तियों को भी गणना के दायरे में लिया जाएगा।
आईसीयू या कोमा में रहने वाले मरीजों से सीधे जानकारी लेना संभव नहीं होने पर संस्थान के कार्यालय या परिचारक से जानकारी लेने की व्यवस्था होगी। धर्मशाला, होटल, आश्रम, डाक बंगला, नर्सिंग होम और अस्पताल जैसे स्थानों पर रहने वाले उन लोगों को भी गणना में शामिल किया जाएगा, जो पूरी गणना अवधि में अपने वास्तविक निवास से दूर हैं और जिनकी गणना अन्यत्र नहीं हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित