ग्रेटर नोएडा , अप्रैल 28 -- भारत की जनगणना-2027 के पहले चरण को सुचारु रूप से पूरा करने के लिए उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा में व्यापक तैयारियां शुरू हो गई हैं। मकानों की गणना और सूची तैयार करने के लिए तैनात किए गए प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण मंगलवार से आरंभ हुआ। यह प्रशिक्षण नॉलेज पार्क-4 स्थित जीएल बजाज इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट परिसर में आयोजित किया जा रहा है, जहां लगभग 3000 कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जाना है।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने मंगलवार को प्रशिक्षण शिविर का निरीक्षण के दौरान यह जानकारी देते हुए बताया कि, इस दौरान उनके साथ ओएसडी मुकेश कुमार सिंह, ओएसडी अजय शर्मा और वरिष्ठ प्रबंधक चेतराम सिंह भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान एसीईओ ने प्रशिक्षण की अनिवार्यता पर जोर देते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि वे जनगणना कार्य को गंभीरता और रुचि के साथ करें, ताकि आंकड़ों की सटीकता सुनिश्चित हो सके।

पहले दिन के प्रशिक्षण सत्र में कुल 225 कर्मचारियों को भाग लेना था, लेकिन केवल 201 कर्मचारी ही उपस्थित रहे, जबकि 24 कर्मचारी बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इस पर सख्त रुख अपनाते हुए एसीईओ ने अनुपस्थित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया । साथ ही, यदि वे प्रशिक्षण में भाग नहीं लेते हैं तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित