रायपुर , मई 17 -- ) छत्तीसगढ़ में आगामी राष्ट्रीय जनगणना 2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं। राज्य के सभी जिलों और नगर निगमों में मकान सूचीकरण खंडों (एचएलबी ) के गठन और सत्यापन का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
हाल ही में जारी आधिकारिक प्रगति रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में अब तक कुल 60.73 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। इस महाअभियान में डिजिटल टेक्नोलॉजी के सटीक समन्वय से कुल 48,742 ब्लॉकों में से 29,602 ब्लॉकों का कार्य पूर्ण हो चुका है।
राज्य की इस प्रगति पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संतोष व्यक्त करते हुए गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम ) जिला प्रशासन और प्रदेश भर के प्रगणकों को बधाई दी है। उन्होंने कहा, "हमारी सरकार 'सबका साथ, सबका विकास' और सुशासन के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। आगामी जनगणना 2027 के ये आंकड़े भविष्य में छत्तीसगढ़ के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं और नीति निर्धारण की मजबूत बुनियाद बनेंगे। डिजिटल तकनीकों का उपयोग कर समय-सीमा में कार्य पूर्ण करना सराहनीय है। जिन बड़े शहरों या नगर निगमों में गति धीमी है, वहां के अधिकारी मैदानी मॉनिटरिंग बढ़ाएं और जल्द से जल्द इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य को गति दें।"राज्य स्तर पर जिलों के प्रदर्शन को देखा जाए तो आदिवासी बहुल गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम ) जिला सूची में शीर्ष पर है, जिसने अपने सभी 528 एचएलबी का कार्य 100 प्रतिशत पूरा कर लिया है। इसके बाद जशपुर (99.87 प्रतिशत) और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी (99.84 प्रतिशत) जिले भी पूर्णता के बेहद करीब हैं। इसके अलावा बेमेतरा (97.8 प्रतिशत) और मुंगेली (96.52 प्रतिशत) जिलों में भी काम लगभग खत्म होने की कगार पर है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित