दंतेवाड़ा , मार्च 21 -- त्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में आगामी जनगणना 2026 के सफल क्रियान्वयन को लेकर जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी कड़ी में कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव की अध्यक्षता में जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जनगणना से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न चरणों के कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिला पीआरओ ने शनिवार को बताया - बैठक में कलेक्टर ने जनगणना निदेशालय द्वारा निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप सभी गतिविधियों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य के लिए प्रशासनिक स्तर पर पूरी गंभीरता और समन्वय के साथ काम किया जाए, ताकि निर्धारित अवधि में सभी तैयारियां पूर्ण हो सकें। उन्होंने सभी अनुविभागीय जनगणना अधिकारियों को निर्देशित किया कि 25 मार्च तक संबंधित प्रारंभिक कार्यों को पूरा कर लिया जाए, ताकि आगे की निर्धारित तिथियों के अनुसार अन्य चरणों की प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित की जा सके।

समीक्षा बैठक में बताया गया कि जिला स्तर पर जनगणना कार्य के लिए चरणबद्ध कार्यक्रम तैयार किया गया है। इसके तहत फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा, जिसमें गणना कार्य से जुड़े कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। इसके साथ ही मकान सूचीकरण ब्लॉकों की संख्या को फ्रीज करने की प्रक्रिया भी तय समय-सीमा में पूरी की जा रही है।

बैठक में चार्ज अधिकारियों को जियो-संदर्भित ग्राम, वार्ड एवं चार्ज मानचित्र उपलब्ध कराने, वेब मैपिंग एप्लीकेशन के माध्यम से मकान सूचीकरण ब्लॉकों की सीमाओं का परिसीमन करने तथा ब्लॉक प्रकार का आबंटन और प्रविष्टिकरण करने की जानकारी दी गई। इसके अलावा पर्यवेक्षी सर्किल का गठन कर सुपरवाइजर एवं प्रगणकों का आवंटन करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि मध्य मकान सूचीकरण ब्लॉकों का गठन कर उन्हें वेब मैपिंग एप्लीकेशन पर चिन्हित करने का कार्य भी चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि जनगणना निदेशालय द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्यों को पूर्ण करना अनिवार्य है।

बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी तथा जनगणना कार्य से जुड़े कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित