जयपुर , मई 01 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शुक्रवार को राज्य में प्रारंभ हुई जनगणना-2027 के तहत स्व गणना कर आमजन को महत्वपूर्ण संदेश दिया और उन्होंने इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए नागरिकों से अपील की कि वे भी जनगणना को राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण दायित्व समझते हुए इसमें पूर्ण सहयोग करें।

इस अवसर पर श्री देवनानी ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं है, बल्कि यह देश और प्रदेश की योजनाओं, नीतियों और विकास की दिशा तय करने का आधार है। सटीक और पूर्ण जानकारी के आधार पर ही सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आधारभूत ढांचे और सामाजिक कल्याण से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू कर सकती है।

उन्होंने कहा कि जनगणना-2027 का प्रथम चरण प्रारंभ हो चुका है, जिसमें घर-घर जाकर जनसांख्यिकीय जानकारी एकत्रित की जा रही है। यह प्रक्रिया पूरी तरह व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संचालित की जा रही है, जिससे प्रत्येक नागरिक की जानकारी सुरक्षित और सटीक रूप से दर्ज हो सकें।

श्री देवनानी ने कहा कि जनगणना में प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि इससे ही राज्य और देश की वास्तविक स्थिति का आंकलन संभव हो पाता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे जनगणना कर्मियों को सही और पूरी जानकारी उपलब्ध कराएं ताकि विकास योजनाएं अधिक प्रभावी और जनहितकारी बन सकें।

उन्होंने कहा कि जनगणना राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है और इसमें सहयोग करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राजस्थान की जनता इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेगी और इसे सफल बनाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित