कोंडागांव , मार्च 29 -- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव में जनगणना कार्य के प्रथम चरण की तैयारियों के तहत जिला मुख्यालय में आयोजित फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हो गया। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित इस प्रशिक्षण के समापन अवसर पर अपर कलेक्टर चित्रकांत चाली ठाकुर ने प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए।
जिला पीआरओ ने रविवार को बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना निदेशालय छत्तीसगढ़, रायपुर से नियुक्त नोडल अधिकारी संतोष मंडे तथा जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर वेणुगोपाल राव ने फील्ड ट्रेनरों को विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया। इस दौरान जनगणना कार्य की प्रक्रियाओं, तकनीकी पहलुओं और मैदानी स्तर पर किए जाने वाले कार्यों की विस्तार से जानकारी दी गई।
तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को विशेष रूप से भवन एवं मकान क्रमांकन की प्रक्रिया, मकान सूचीकरण और डाटा संकलन की विधियों से अवगत कराया गया। इसके साथ ही एचएलओ मोबाइल एप के माध्यम से डिजिटल डाटा प्रविष्टि की प्रक्रिया का भी व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया, ताकि फील्ड स्तर पर कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
प्रशिक्षण प्राप्त फील्ड ट्रेनर अब अपने-अपने चार्ज अधिकारी स्तर पर सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण देंगे, जिससे जनगणना कार्य की श्रृंखला को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सके। जिला प्रशासन ने इस प्रक्रिया को समयबद्ध और त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।
उल्लेखनीय है कि जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य 01 मई से 30 मई 2026 तक किया जाएगा। इस दौरान संपूर्ण डाटा संकलन डिजिटल माध्यम से किया जाएगा, जिससे प्रक्रिया में पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित