फर्रुखाबाद , मार्च 31 -- उत्तर प्रदेश में भारत जनगणना-2027 के सफल क्रियान्वयन को लेकर फर्रुखाबाद में मंगलवार को जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में समस्त उपजिलाधिकारी (एसडीएम), तहसीलदार, अधिशासी अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि जनगणना-2027 का प्रथम चरण, जिसमें मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना शामिल है, पूर्णतः डिजिटल माध्यम से किया जाएगा। प्रदेश में यह कार्य 22 मई से 20 जून तक प्रस्तावित है।

उन्होंने बताया कि इस कार्य के लिए मास्टर ट्रेनरों द्वारा फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। अब फील्ड ट्रेनर तहसील एवं नगर निकाय स्तर पर प्रगणक और सुपरवाइजर को प्रशिक्षित करेंगे। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रशिक्षण शुरू होने से पहले सभी चार्ज स्तरों पर प्रगणक और सुपरवाइजर की ड्यूटी सीएमएमएस पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए। इस संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

बैठक में जनगणना कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित