मैनपुरी , अप्रैल 16 -- मैनपुरी के जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में शामिल होना प्रत्येक कार्मिक के लिए गर्व की बात है और इससे जुड़े सभी कर्मी राष्ट्र निर्माण में प्रत्यक्ष योगदान देंगे। श्री सिंह गुरुवार को आगामी जनगणना के प्रथम चरण के सफल संचालन के लिए सुदिति ग्लोबल एकेडमी में आयोजित प्रगणक एवं सुपरवाइजरों के प्रशिक्षण सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने गणना कार्य में लगे कार्मिकों का आह्वान करते हुए कहा कि वे स्वयं को इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया का अभिन्न अंग समझें और पूरी निष्ठा तथा ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान कार्य की प्रत्येक प्रक्रिया को भली-भांति समझें और किसी भी प्रकार की शंका होने पर फील्ड ट्रेनरों से तत्काल जानकारी प्राप्त करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि 22 मई से 20 जून तक प्रथम चरण के अंतर्गत घर-घर जाकर गणना कार्य किया जाएगा। इस दौरान प्रत्येक गणनाकर्मी को लगभग 150 से 180 मकानों का सूचीकरण करना होगा। उन्होंने सभी कार्मिकों को पूर्व निर्धारित कार्ययोजना बनाकर व्यवस्थित ढंग से कार्य करने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि इतने बड़े स्तर के कार्य को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए इसे वैज्ञानिक एवं तार्किक तरीके से विभाजित करना आवश्यक है। प्रत्येक कार्मिक को प्रतिदिन के लक्ष्य तय कर नियमित रूप से कार्य करना चाहिए, ताकि समय सीमा के भीतर बिना किसी दबाव के कार्य पूरा किया जा सके।
श्री सिंह ने कहा कि कार्य के प्रारंभ में शिथिलता और अंतिम समय में जल्दबाजी से कार्य की गुणवत्ता प्रभावित होती है तथा अनावश्यक तनाव बढ़ता है। इसलिए सभी कार्मिक प्रथम दिवस से ही लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर कार्य करें। उन्होंने प्रशिक्षण में उपस्थित शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि शिक्षक समाज का मार्गदर्शक और अनुशासित कार्यशैली का प्रतीक होता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शिक्षक वर्ग इस जिम्मेदारी का निर्वहन दक्षता और गंभीरता से करेगा।
जिलाधिकारी ने प्रतिभागियों से कहा कि किसी भी प्रकार की शंका या जिज्ञासा मन में न रखें। प्रश्न पूछना सीखने की प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इससे कार्य में स्पष्टता आती है। संकोचवश प्रश्न न पूछना आगे चलकर त्रुटियों का कारण बन सकता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में जनगणना का प्रथम चरण संचालित किया जा रहा है, जिसमें मकानों का सूचीकरण होगा। यह चरण अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी के आधार पर द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना का कार्य संपन्न होगा।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनंद, जिला प्रभारी जनगणना शैलजा त्रिवेदी, उप जिलाधिकारी सदर अभिषेक कुमार, डिप्टी कलेक्टर शिव नरेश, तहसीलदार हरेंश कर्दम, नाजिर रोहित दुबे, विद्यालय के प्रबंध निदेशक डॉ. राम मोहन, डॉ. कुसुम मोहन तथा अन्य अधिकारी एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित