मैनपुरी , मई 26 -- उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में जनगणना-2027 के कार्य में लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों और शिक्षामित्रों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए पांच शिक्षकों को निलंबित किया और 41 का वेतन रोक लिया है।
जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर बेसिक शिक्षा विभाग ने पांच शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया, जबकि 41 शिक्षकों एवं शिक्षामित्रों का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोक दिया गया है।
श्री त्रिपाठी ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि केन्द्र सरकार की जनगणना-2027 का प्रथम चरण 22 मई से शुरू हो चुका है, जिसके तहत मकानों का सूचीकरण कराया जा रहा है। समीक्षा के दौरान पाया गया कि कई प्रगणकों ने ड्यूटी प्राप्त नहीं की तथा कई ने कार्य में गंभीर लापरवाही बरती।
कार्रवाई के तहत प्राथमिक विद्यालय त्रिलोकपुर की मंजू तनेजा, झिंझाई की गीता चौहान, रूपपुर भरतपुर की प्रतिभा मिश्रा, रूपपुर बांक की स्नेहलता यादव तथा नगला सराय की अनुराधा दुबे को निलंबित किया गया है। इसके अलावा एक अन्य शिक्षिका सुनीता रानी के विरुद्ध भी निलंबन की कार्रवाई की गई है।
वहीं 41 शिक्षकों और शिक्षामित्रों का वेतन तत्काल प्रभाव से रोकते हुए सभी संबंधित कार्मिकों को तीन दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित