जशपुर , मई 02 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही बरतने पर एक सहायक शिक्षक को निलंबित कर दिया है।

जशपुर जिला कलेक्टर रोहित व्यास ने बताया कि तहसीलदार एवं चार्ज जनगणना अधिकारी दुलदुला ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दुलदुला में गत 15 से 17 अप्रैल तक तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस प्रशिक्षण में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की उपस्थिति अनिवार्य थी। प्रतिवेदन के अनुसार, प्राथमिक शाला सरहापानी ग्राम पतराटोली, तहसील दुलदुला में पदस्थ सहायक शिक्षक सत्यजीत निराला बिना किसी पूर्व सूचना एवं अनुमति के प्रशिक्षण में अनुपस्थित पाए गए। इस पर पहले स्थानीय स्तर पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, लेकिन कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद जिला स्तर से भी नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया। इसके बावजूद संबंधित शिक्षक ने अब तक कोई उत्तर नहीं दिया गया।

अधिकारियों ने इसे जनगणना जैसे अति महत्वपूर्ण कार्य में घोर लापरवाही एवं कर्तव्यहीनता माना है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की है। निलंबन अवधि में सत्यजीत निराला का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी दुलदुला कार्यालय निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित