वाराणसी , नवंबर 01 -- जनता दल (यूनाइटेड) ने रविवार को वाराणसी के कोरौता स्थित रामलीला मैदान में राज्यस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित कर उत्तर प्रदेश में संगठन विस्तार का शंखनाद किया।
सम्मेलन में बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद संजय झा, बिहार के वरिष्ठ मंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी श्रवण कुमार, मंत्री मोहम्मद जमा खान और प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल समेत हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए निशांत कुमार ने कार्यकर्ताओं से 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने और गांव, पंचायत तथा बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राजनीति का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं का समाधान करना और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उत्तर प्रदेश में भी सुशासन और सामाजिक न्याय के मुद्दों को लेकर पार्टी जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में पार्टी की भूमिका को लेकर वरिष्ठ नेता उचित समय पर निर्णय लेंगे।
श्री संजय झा ने कहा कि नीतीश कुमार ने वर्ष 2005 के बाद बिहार की तस्वीर और तकदीर बदलने का काम किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर संगठन को मजबूत करने की अपील की।
श्री श्रवण कुमार ने बिहार के विकास मॉडल को उत्तर प्रदेश में लागू करने की जरूरत बताते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए गए कार्यों का उल्लेख किया।
सम्मेलन में भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष विजय कुमार राजभर अपने समर्थकों के साथ जदयू में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की विकासपरक सोच और सामाजिक न्याय की नीतियों से प्रभावित होकर उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है।
प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना पार्टी की प्राथमिकता है।
सम्मेलन में बिहार के सांसद कौशलेंद्र कुमार, सुनील कुमार सहित विभिन्न जिलों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित