पटना , अक्टूबर 25 -- बिहार में मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने जनता दल यूनाइटेड (जदयू) से छह वर्षों के लिए निष्कासित किए जाने के बाद रविवार को पार्टी नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें इस कार्रवाई का कोई गम नहीं है और इस प्रकरण में सही-गलत का फैसला भविष्य में जनता करेगी।
श्री सिंह ने आज यहां संवाददाताओं से कहा कि राजनीति में जनता ही जनार्दन होती है और वही उनके राजनीतिक भविष्य का फैसला करेगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण में कौन गलत या सही है, इसका निर्णय भी जनता ही करेगी।
श्री सिंह ने इस निष्कासन की कार्रवाई के पीछे किसका हाथ के सवाल पर कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है, लेकिन पार्टी का ही कोई नेता इसके पीछे होगा। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के बिना पार्टी के बेदम नेताओं और उनके द्वारा की गई कार्रवाई की उनके लिए कोई अहमियत नहीं है। वह ऐसी कार्रवाई की परवाह नही करते हैं।
मोकामा विधायक श्री सिंह ने जदयू के भविष्य पर सवाल उठाते कहा कि इस पार्टी का गठन पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया था, लेकिन अब वह स्वयं राजनीति में सक्रिय नहीं हैं। ऐसे में पार्टी के अस्तित्व पर संकट है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जदयू के लिए 10 सीटें जीतना भी मुश्किल होगा। उन्होंने कहा कि श्री कुमार के बाद पार्टी के सामने नेतृत्व का संकट है और दूसरी पंक्ति के नेताओं में वैसा दम नहीं है की वह इसे लेकर आगे जाएं। उन्होंने कहा कि पार्टी में ऐसा कोई नेता नहीं है, जिससे वह अपने निष्कासन के मुद्दे पर चर्चा कर करने के बारे में सोचते।
श्री सिंह ने विधायक पद जाने की कार्रवाई के सवाल पर कहा कि उन्हें इसकी भी कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि वह कभी विधानसभा चुनाव का टिकट मांगने पार्टी के पास नहीं गए थे और हर बार पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें बुलाकर टिकट दिया था। उन्होंने कहा कि वह उन नेताओं में नहीं हैं, जो अपने वजूद के लिए किसी पार्टी के मोहताज हैं।
विधायक ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ अपने संबंधों पर कहा कि उनके मन में श्री कुमार के प्रति कोई दुराव नहीं है। वह उनसे मिलेंगे और आगे भी उनके साथ संबंध बनाए रखेंगे।
श्री सिंह ने कहा कि वह राजनीति में रहें या नहीं, वह नीतीश कुमार की शिकायत नहीं करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित