पटना , अप्रैल 23 -- नता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता निशांत कुमार गुरुवार को प्रदेश पार्टी कार्यालय में विभिन्न जिलों से आए पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से मिले और आह्वान किया कि संगठन को मजबूत करने में योगदान दें।

जदयू नेता श्री कुमार ने आज कार्यकर्ताओं से अपील की कि वह पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में पार्टी को नई ऊँचाइयों पर ले जाने के लिए एकजुट होकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि पिछले दो दशकों में श्री कुमार ने समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर ''न्याय के साथ विकास'' की अवधारणा को साकार किया है तथा विकास की किरणों को अंतिम पंक्ति तक पहुँचाया है। उन्होंने ज कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में श्री कुमार ने अपनी दूरदर्शी नीतियों और अथक परिश्रम से बिहार की तस्वीर बदली है, विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और प्रगति की नई उपलब्धियाँ हासिल की हैं। इसलिए पार्टी के सभी साथी बीते 20 वर्षों के कार्यों को लेकर जनता के बीच जाएँ और उन्हें इन उपलब्धियों से अवगत कराएँ।

इससे पहले जदयू नेता निशांत के आगमन पर पार्टी कार्यालय में उत्साह और उमंग का अभूतपूर्व माहौल देखने को मिला। उनके स्वागत में बड़़़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने जोश और ऊर्जा के साथ नारे लगाते हुए पूरे परिसर को उत्सवमय बना दिया।

आज निशांत कुमार ने विधान पार्षद सह पार्टी के पूर्व प्रवक्ता संजय सिंह और पार्टी के विधायकों राहुल सिंह, अभिषेक, मांजरिक मृणाल, आदित्य कुमार, शुभानंद मुकेश एवं रुहेल रंजन से मुलाकात की। इस दौरान विधानपार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित