चंडीगढ़ , सितंबर 22 -- पंजाब जनता दल (यूनाइटेड) ने मंगलवार को शिरोमणि अकाली दल श्री आनंदपुर साहिब के साथ गठबंधन की घोषणा की और 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए संगठन विस्तार का खाका पेश किया।

चंडीगढ़ प्रेस क्लब में मंगलवार को संवाददाता सम्मेलन में जदयू पंजाब अध्यक्ष मलविंदर सिंह बेनीपाल, अकाली दल श्री आनंदपुर साहिब के अध्यक्ष दविंदर सिंह और महासचिव गुरदर्शन सिंह ने कहा कि दोनों दल पंजाब से जुड़े मुद्दों को उठाने और राज्य में संगठनात्मक आधार बढ़ाने के लिए मिलकर काम करेंगे।

श्री बेनीपाल ने कहा कि जदयू फिलहाल पंजाब की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है। पार्टी का विशेष ध्यान माझा, दोआबा, लुधियाना, जीटी रोड तथा राजपुरा-पटियाला क्षेत्रों में संगठन विस्तार पर रहेगा।

इस अवसर पर दिवंगत अभिनेता एवं राजनेता सुनील दत्त की भतीजी ममता दत्त जदयू में शामिल हुईं। कॉरपोरेट क्षेत्र में काम कर चुकीं सुश्री दत्त पिछले करीब एक दशक से पशु कल्याण और सामाजिक कार्यों से जुड़ी हैं तथा 'दत्त फाउंडेशन फॉर सोशल वेलफेयर' की संस्थापक हैं।

सामाजिक कार्यकर्ता एवं अधिवक्ता देविंदर राजपूत ने भी पार्टी की सदस्यता ली। वह पिछला पंजाब विधानसभा चुनाव निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर लड़ चुके हैं।

पार्टी नेताओं ने 2027 के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और राज्यभर में जनसंपर्क अभियान चलाने की योजना भी बताई। इस दौरान जदयू के प्रदेश महासचिव (संगठन) संजीव कुमार सहित कई पदाधिकारी और अकाली दल श्री आनंदपुर साहिब के नेता मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित