वाराणसी , अक्टूबर 29 -- बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री तथा जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश प्रभारी श्रवण कुमार ने गुरुवार को वाराणसी में पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और आगामी एक नवंबर को आयोजित होने वाले कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की। निशांत कुमार, संजय झा, राम नाथ ठाकुर (केंद्रीय मंत्री) श्रवण कुमार के रहने की सम्भावना है।

पार्टी की ओर से कोरौता स्थित रामलीला मैदान में प्रस्तावित सम्मेलन को सफल बनाने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने और जनसंपर्क अभियान को व्यापक बनाने पर चर्चा हुई।

श्रवण कुमार ने बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में शिक्षा, सामाजिक न्याय, सुशासन और समावेशी विकास के क्षेत्र में किए गए प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने बालिका शिक्षा के लिए साइकिल योजना और शराबबंदी के सामाजिक संदेश को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।

बैठक में उत्तर प्रदेश में जदयू के संगठन को मजबूत करने, स्थानीय स्तर पर जनता से संवाद बढ़ाने और आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी की भूमिका पर भी विचार-विमर्श किया गया। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी दलों के साथ समन्वय पर भी चर्चा हुई।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष सुशील कश्यप, शालिनी सिंह पटेल, जिलाध्यक्ष ब्रह्मचारी पटेल और काशी हिंदू विश्वविद्यालय के डॉ. श्वेतांक मिश्र सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित