पटना , मार्च 07 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी के कार्यकर्ता लंबे समय से निशांत कुमार को राजनीति में लाने की मांग कर रहे थे, जिस पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अब मुहर लगाई है।
तीसरी बार निर्विरोध जदयू के प्रदेश अध्यक्ष चुने गए श्री कुशवाहा ने आज 'यूनीवार्ता'से बातचीत में कहा कि निशांत कुमार का जदयू में आना कोई आकस्मिक घटना नही है। उन्होंने कहा कि करीब एक वर्ष पहले से ही कार्यकर्ताओं ने उन्हें पार्टी में शामिल करने की मांग शुरू कर दी थी। उन्होंने कहा कि पहले निशांत खुद ही इस मांग को स्वीकार नही कर रहे थे और मुख्यमंत्री श्री कुमार की भी सहमति नही मिल पा रही थी।
श्री कुशवाहा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने का फैसला खुद लिया है। उन्होंने कहा कि बिहार की राजनीति में फिलहाल किसी की हैसियत नही है, जो श्री कुमार के ऊपर दबाव बना सके।
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि शुक्रवार को सम्पन्न हुई पार्टी की बैठक में वरिष्ठ नेताओं और सभी विधायकों ने पार्टी के हित मे एक स्वर के साथ निशांत कुमार को पार्टी में लाने का आग्रह किया, जिसे अंततः मुख्यमंत्री श्री कुमार ने स्वीकार कर लिया। उन्होंने कहा कि श्री कुमार भले ही राज्यसभा में चले जायेंगे, लेकिन एक अभिभावक के तौर पर पार्टी उन्ही के मार्गदर्शन से चलेगी।
श्री कुशवाहा ने कहा कि तीसरी बार बिहार जदयू का अध्यक्ष चुने जाना उनके लिए बड़ी उपलब्धि है और इतने लंबे समय से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आशीर्वाद हासिल होना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि श्री कुमार के पुत्र निशांत एक पढ़े लिखे और सुलझे हुए व्यक्ति हैं। श्री कुमार ने कार्यकर्ताओं की इच्छा पूरी करते हुए पुत्र निशांत को पार्टी में आने की अनुमति देकर जदयू संगठन को बल प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि निशांत कुमार के आने की खबर से पार्टी संगठन में एक नया जोश दिख रहा है, जो उसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मदद करेगा।
श्री कुशवाहा ने प्रदेश में नए मुख्यमंत्री और नये राजनीतिक समीकरणों पर कहा कि इस पर गठबंधन के नेताओं के बीच बातचीत चल रही है और अंतिम प्रारूप सामने आने के बाद ही सार्वजनिक तौर पर कोई घोषणा की जाएगी। उन्होंने कहा कि कोई भी निर्णय मुख्यमंत्री श्री कुमार की सहमति से ही लिया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित