अमृतसर , अप्रैल 22 -- श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने बुधवार को न्यूज़ीलैंड की गुरुद्वारा प्रबंधन समितियों के प्रतिनिधियों के साथ गुरुद्वारा श्री दशमेश दरबार, पापाटोएटोए, ऑकलैंड में विस्तृत चर्चा की।
बैठक में गुरुद्वारा प्रबंधन, मर्यादा (आचार संहिता), एकता, चुनौतियों और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।
जत्थेदार गड़गज्ज के निर्देशों पर सुप्रीम सिख सोसायटी ऑफ न्यूज़ीलैंड की पहल के तहत आयोजित इस बैठक ने विभिन्न गुरुद्वारा कमेटियों के प्रतिनिधियों को प्रश्न, सुझाव और भविष्य की प्राथमिकताओं पर चर्चा करने का अवसर प्रदान किया। जत्थेदार ने प्रत्येक प्रतिनिधि की बात ध्यानपूर्वक सुनी और उनके प्रश्नों के संतोषजनक उत्तर गुरमत सिद्धांतों और श्री अकाल तख्त साहिब की सिख रहत मर्यादा के अनुसार दिये।
यहां जारी बयान अनुसार, प्रबंधन प्रतिनिधियों ने युवाओं को कौशल और औद्योगिक आधारित व्यावसायिक शिक्षा से जोड़ने, समुदाय में एकता को बढ़ावा देने तथा सिख साहित्य और धार्मिक प्रचार-प्रसार को आगे बढ़ाने के लिए रचनात्मक सुझाव भी प्रस्तुत किये। इन सुझावों को आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए नोट किया गया।
जत्थेदार गड़गज्ज ने इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि न्यूज़ीलैंड के लगभग सभी गुरुद्वारे श्री अकाल तख्त साहिब के प्रति समर्पित हैं और उसकी मर्यादा के अंतर्गत एकजुट हैं। उन्होंने सभी गुरुद्वारा प्रबंधन समितियोंको सिखी के प्रचार-प्रसार, बच्चों और युवाओं को धर्म से जोड़ने, मानवता की सेवा करने और जरूरतमंद सिख परिवारों की सहायता के लिए समर्पित भाव से कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित