बैतूल , अक्टूबर 28 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिला चिकित्सालय में डॉक्टरों की टीम ने गंभीर प्रसूति जटिलताओं से जूझ रही 36 वर्षीय गर्भवती महिला का सफल ऑपरेशन कर उसकी जान बचाई। मुलताई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से रेफर कविता मुकेश वागरे को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह 27 सप्ताह से अधिक की गर्भवती थीं और एक्लेम्पसिया तथा गर्भस्थ शिशु की मृत्यु जैसी गंभीर जटिलताओं से पीड़ित थीं।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, महिला के 26 अक्टूबर की रात पहुंचने पर डॉ. ईशा डेनियल और नर्सिंग स्टाफ ने तत्काल उपचार शुरू किया। उच्च रक्तचाप नियंत्रित करने के साथ मैग्नीशियम सल्फेट थेरेपी दी गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 27 अक्टूबर को सिजेरियन ऑपरेशन करने का निर्णय लिया गया।

दोपहर में डॉ. रामलखन प्रजापति और एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. चित्रा पाटिल के नेतृत्व में ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद महिला की स्थिति स्थिर बताई गई है। उसे आगे की निगरानी के लिए हाई डिपेंडेंसी यूनिट (एचडीयू) में रखा गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव शर्मा और सिविल सर्जन डॉ. जगदीश घोरे के मार्गदर्शन में उपचार किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित