बैतूल , अप्रैल 20 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के गंज थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध जटाशंकर मंदिर धाम में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी गया चांदी का सामान और नगदी बरामद की गई है।पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार ग्राम राठीपुर निवासी फरियादी मनीष सिंह रघुवंशी ने 17 अप्रैल को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति मंदिर से हनुमानजी के चांदी के आभूषण, तिलक, बोहे, हाथ व पैर की पट्टियां-और दान पेटी से लगभग तीन हजार रुपये चोरी कर ले गया है।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। इसी दौरान सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी का चांदी का सामान बेचने का प्रयास कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विकास मालवी (30) निवासी ससुद्रा थाना आमला बताया और चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चांदी के आभूषण तथा 2,500 रुपये नगद बरामद किए हैं।
आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नीरज पाल सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आमजन से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत देने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित